July 29, 2026

दुर्ग में नौकरानी ने पति और जीजा के साथ मिलकर 12 लाख के गहनों की चोरी, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। यहां घर में काम करने वाली नौकरानी ही मुख्य आरोपी निकली, जिसने अपने पति और जीजा के साथ मिलकर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 12 लाख 22 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। पूरा मामला नेवई थाना क्षेत्र का है।

काम पर रखी नौकरानी निकली चोर, दो दिन में ही दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार आशीष नगर रिसाली निवासी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने घरेलू काम के लिए महिला मालती ध्रुव को केवल दो दिनों के लिए रखा था। लेकिन काम खत्म होने के बाद जब घर की अलमारी में रखे गहनों की जांच की गई तो सोने के कई जेवर गायब मिले, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

पीड़ित ने 27 मई को नेवई थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बताया गया कि 26 मई को अलमारी खोलने पर 14.5 ग्राम सोने का हार, मांगटीका, नथ, कड़े, मंगलसूत्र और तीन जोड़ी टॉप्स गायब थे।

पुलिस जांच में खुलासा, पति और जीजा भी शामिल
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर घरेलू काम करने वाली महिला मालती ध्रुव, उसके पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मंडावी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।

गहने गिरवी रखकर लिया लोन, स्कूटी और नकदी भी जब्त
आरोपी महिला ने बताया कि 19 मई 2026 को उसने घर की अलमारी से गहने चोरी किए थे। बाद में अपने पति और जीजा के सहयोग से कुछ गहनों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया गया। पुलिस ने इस मामले में लोन रसीद, मोबाइल फोन, 1 लाख रुपये नकद, एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार कुल मिलाकर 12 लाख 22 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।