July 23, 2026

Durg News: दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की थी आत्महत्या, फरार पति और ससुर गिरफ्तार

दुर्ग।

दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने वाली नवविवाहिता के मामले में नंदनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

दहेज प्रताड़ना से तंग आकर उठाया था आत्मघाती कदम

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को नंदनी थाना क्षेत्र के ग्राम सहगांव निवासी एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली थी। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे तंग आकर उसने अपनी जान दे दी।

मामला दर्ज होते ही फरार हो गए थे आरोपी

परिजनों की शिकायत पर नंदनी नगर थाना में दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। एफआईआर दर्ज होने के बाद मृतका का पति युवराज पटेल और ससुर ओमप्रकाश पटेल फरार हो गए थे।

सिमगा में छिपे थे दोनों आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा क्षेत्र में छिपकर रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।