दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामुल थाना क्षेत्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक महिला को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन स्कूल परिसर में मादक पदार्थ की अवैध बिक्री की जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी राजविंदर कौर के पास से 49.8 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा नशे की बिक्री से प्राप्त 1 हजार रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में महिला के नशे के कारोबार से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। अब यह जांच की जा रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और यह मादक पदार्थ कहां से लाया जाता था तथा किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





