नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल से आगे बढ़ते हुए अब देश के 13 राज्यों तक पहुंच चुका है। पिछले पांच दिनों में मानसून ने तेजी से रफ्तार पकड़ी है, जिससे कई राज्यों में गर्मी से राहत मिली है। प्री-मानसून गतिविधियों के चलते कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और तेज बारिश दर्ज की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार को तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। वहीं, केरल और कर्नाटक में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश जारी है। बेंगलुरु और बेलगावी में भारी वर्षा के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं और कुछ स्थानों पर वाहन पानी के तेज बहाव में बहते दिखाई दिए।
48 घंटे में मुंबई पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार मानसून सोमवार को तेलंगाना पहुंच चुका है और फिलहाल मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर है। अगले 48 घंटों में इसके मुंबई पहुंचने की संभावना है। वहीं अगले सप्ताह तक गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी मानसून दस्तक दे सकता है।
कर्नाटक में बाढ़ जैसे हालात
कर्नाटक के बेलगावी जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सावदत्ती, बैलहोंगल, कित्तूर और यरगट्टी क्षेत्रों में कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। नालों के उफान पर आने से पानी घरों और बाजारों तक पहुंच गया है। कई स्थानों पर वाहन पानी में बह गए, जबकि किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी बरकरार
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। श्रीगंगानगर में सोमवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी है।
10 जून का मौसम पूर्वानुमान
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना।
- असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अनुमान।
- केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश जारी रहने के आसार।
- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
11 जून का मौसम पूर्वानुमान
- दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश की संभावना।
- 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना।
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान।
- केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।





