दुर्ग। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार से प्रदेश के शासकीय और निजी स्कूलों में नए सत्र की शुरुआत हो गई। लंबे अवकाश के बाद बच्चे उत्साह के साथ स्कूल पहुंचे, लेकिन दुर्ग के जेआरडी स्कूल में पहले ही दिन एक छात्र के बेहोश होने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण बच्चे पसीने से तरबतर हो गए। इसी दौरान एक छात्र अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और चिकित्सकीय सहायता के लिए डॉक्टर को सूचना दी।
घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते बच्चे को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
भीषण गर्मी के बीच स्कूल संचालन पर उठे सवाल
प्रदेश सरकार के निर्णय के बाद सोमवार से सभी शासकीय और निजी स्कूल खोल दिए गए हैं। एक ओर स्कूल प्रबंधन का दावा है कि नए सत्र के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी के बीच स्कूल खोलने के फैसले पर अभिभावक सवाल उठा रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि तापमान और उमस को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका मानना है कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्कूल संचालन को लेकर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर
विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक गर्मी के दौरान बच्चों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में लंबे समय तक खड़े न रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की आवश्यकता है। स्कूलों को भी गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।





