दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दो युवकों के अपहरण, मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो बालिग और चार नाबालिग आरोपियों ने बालोद के दो युवकों को स्कूटी चोरी की बताकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने करीब पांच घंटे तक दोनों को अलग-अलग स्थानों पर घुमाया, बेरहमी से मारपीट की, नकदी, मोबाइल, चांदी के जेवर और स्कूटी लूट ली। इतना ही नहीं, पेटीएम के जरिए उनके खाते से भी रकम ट्रांसफर करा ली। पुलिस ने मामले में सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
स्कूटी खराब होने के बाद शुरू हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र निवासी एक युवक अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। दोनों अलग-अलग बाइक और स्कूटी से पहुंचे थे। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने स्कूटी खरीदने की बात कही। कागजात मांगने पर जब दस्तावेज नहीं दिखाए गए तो आरोपियों ने स्कूटी को चोरी की बताकर अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया।
मारपीट कर लूटे जेवर, मोबाइल और नकदी
आरोपियों ने दोनों युवकों को जबरन सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास ले जाकर मारपीट की। इसके बाद उनके पास से तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद और बिना नंबर की एक्टिवा छीन ली।
पेटीएम से ट्रांसफर कराए 18 हजार रुपये
आरोपियों ने पीड़ितों से पेटीएम का पिन पूछकर उनके खाते से 18,180 रुपये दूसरे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उन्हें नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक और दुर्ग के अन्य इलाकों में घुमाते रहे।
चाकू की नोक पर बनवाया वीडियो
पुलगांव चौक के पास आरोपियों ने चाकू दिखाकर दोनों युवकों से जबरन वीडियो बनवाया, जिसमें उनसे यह कहलवाया गया कि वे चोरी की स्कूटी बेचने आए थे।
6 आरोपी गिरफ्तार
पीड़ितों की शिकायत के बाद सुपेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बालिग आरोपी सोहेल खान और अरजद समेत चार नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ अपहरण, लूट, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





