दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी गांव में घर के भीतर गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक चार साल की बच्ची भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक खपरी गांव स्थित एक मकान में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।
हादसे में अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और गोपिका वैष्णव (4 वर्ष) की मौत हुई है। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। बाद में घर के भीतर से चारों के शव बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही सांसद Vijay Baghel, शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav, स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।





