भगवान श्री लंगूरवीर मंदिर, शनिचरी बाजार, दुर्ग में 31 जनवरी को वार्षिक महोत्सव और दुर्ग मंडई मेला आयोजित होगा। इस वर्ष मंदिर ट्रस्ट द्वारा भगवान श्री लंगूरवीर की आरती गीत भी जारी किया जाएगा, जिसका शुभारंभ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और गायक कांतिकार्तिक यादव करेंगे।
महोत्सव सुबह 7 बजे महाअभिषेक और पूजा अर्चना के साथ शुरू होगा, जिसमें पंडित खेमंत प्रसाद तिवारी (राजू महाराज) के सानिध्य में पूजा संपन्न कराई जाएगी। मंदिर में रामलेखन महायज्ञ और श्रद्धालुओं द्वारा लिखी राम पुस्तिका का आयोजन भी किया जाएगा।
गोंड़वाना युवक-युवती परिचय सम्मेलन
केन्द्रीय गोड़ महासभा, धमधागढ़ दुर्ग और गोंड़वाना महिला मित्र समिति 1 फरवरी को बुढ़ादेव देवालय, सिविललाइन में युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन करेंगी। सम्मेलन सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलित कर शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा।
इसमें विवाह योग्य युवक-युवतियों को अपना परिचय देने का अवसर मिलेगा। पंजीयन अनिवार्य है। आयोजन समिति ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में युवक-युवतियों की जानकारी फार्म भरकर लाने की अपील की है।
सूदखोर आरोपी गिरफ्तार
पद्मनाभपुर पुलिस ने हरीश पारख को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 1.6 लाख रुपए उधार लेकर प्रार्थी से 22 लाख रुपए की अवैध मांग की थी। आरोपी के पास से 11 चेक बुक, इकरारनामा और साहूकारी लाइसेंस जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।
अवैध रूप से गांजा बेचते आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने सुमित ठाकुर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 1.7 किलो गांजा जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
अवैध खनिज परिवहन के 7 वाहन पकड़े
खनिज विभाग की टीम ने जिले में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 7 वाहनों को अवैध खनिज परिवहन करते पकड़ा। इनमें 4 हाईवा, 2 ट्रेक्टर और 1 माजदा वाहन शामिल थे। विभाग ने इन वाहनों पर लगभग 2 लाख रुपए का जुर्माना प्रस्तावित किया।
एमबीए, एम फार्मेसी और डी फार्मेसी के परीक्षा फॉर्म की तिथि बढ़ी
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई ने एमबीए (तीसरा सेमेस्टर), एम फार्मेसी (दूसरा सेमेस्टर) और डी फार्मेसी (प्रथम और द्वितीय वर्ष) के परीक्षा फॉर्म जमा करने की तिथि 8 फरवरी तक बढ़ा दी है।
छात्र बिना लेट फीस 31 जनवरी तक फॉर्म जमा कर सकते हैं। 4 फरवरी से 8 फरवरी तक लेट फीस के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का समापन
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का समापन 31 जनवरी को कला मंदिर सिविक सेंटर, भिलाई में शाम 5.30 बजे होगा। जिले के पांच प्रमुख चौराहों को आदर्श चौराहा घोषित किया गया है। पुलिस बिना हेलमेट, ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल सवारी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही है।
जवाहर मार्केट का उन्नयन एवं विकास
भिलाईनगर में जवाहर मार्केट का उन्नयन और विकास कार्य 6.38 करोड़ रुपए की स्वीकृति के साथ जल्द शुरू होगा। यह कार्य मेसर्स कुनाल बिल्डर्स, भिलाई को सौंपा गया है। स्थानीय लोगों ने बाजार और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने की लंबे समय से मांग की थी।





