July 25, 2026

दुर्ग: महाशिवरात्रि हत्या आरोपी के अवैध होटल पर बुलडोजर चलाया, अतिक्रमण हटाया

दुर्ग: महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भगवान शंकर की बारात में युवक की धारदार चाकू से हत्या करने वाले आरोपी मनीष देशमुख द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर संचालित होटल को पुलिस और नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

16 फरवरी को मोहन नगर थाना क्षेत्र में हुए घटना में भगवान शंकर की बारात निकालते समय पुराने विवाद को लेकर मनीष देशमुख और उसके 6 साथियों ने क्षय कुमार गोड उर्फ नानू पर चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

विवेचना में पता चला कि आरोपी ने मोहन नगर स्थित मानस भवन के पास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर होटल संचालित किया। एसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर अवैध अतिक्रमण हटाया।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक तत्वों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई।