March 3, 2026

दुर्ग में नाबालिग से 8 साल तक गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार, चार रसूखदार फरार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं। आरोप है कि पीड़िता के साथ लगातार 8 वर्षों तक छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार जब पीड़िता महज 14 वर्ष की नाबालिग थी, तभी से उसके साथ दुष्कर्म की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। आरोपियों ने उसे पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगाने का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया।

महिला थाना पुलिस ने बताया कि 30 जनवरी को पीड़िता अपनी मां के साथ थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद छह आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 व 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

चार आरोपी फरार, पुलिस की टीमें दबिश में जुटीं

पुलिस ने आरोपी विजय स्वाइन (37 वर्ष), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई और अनिल चौधरी (60 वर्ष), निवासी जोन-1 भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शेष चार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

बताया जा रहा है कि इस गैंगरेप कांड में शहर के कई रसूखदारों के नाम सामने आए हैं, हालांकि जांच प्रभावित न हो, इसलिए पुलिस ने फिलहाल उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।