दुर्ग। जिले में धार्मिक आयोजन से लेकर अपराध, प्रशासनिक लापरवाही और सड़क हादसों तक कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। उर्स की तैयारियां तेज हैं, वहीं पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह और ठगी के मामलों में कार्रवाई की है। दूसरी ओर राशन वितरण में गड़बड़ी और हादसों से लोगों में नाराजगी है।
124वां शाबान उर्स 14 से 16 फरवरी तक
दुर्ग में बाबा अब्दुल रहमान काबुली र.अ. का 124वां शाबान उर्स 14, 15 और 16 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा।
उर्स की शुरुआत 14 फरवरी शाम 6 बजे परचम कुशाई से होगी और रात 10 बजे जश्ने काबुली सरकार कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी।
15 फरवरी को रात 10 बजे सूफियाना समा महफिल क़व्वाली होगी, जिसमें कमर वारसी बाराबंकी और राजा सरफराज कव्वाल रामपुर की पार्टियां मुकाबला करेंगी।
16 फरवरी को जोहर बाद गुस्ल, असर बाद शाही चादर और शाम 7 बजे आम लंगर होगा।
कमेटी अध्यक्ष अफजल हुसैन ने बताया कि कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल और महापौर अलका बाघमार सहित कई गणमान्य शामिल होंगे।
चोरी के वाहन काटकर बेचने वाला गिरोह गिरफ्तार
पद्मनाभपुर पुलिस ने वाहन चोरी कर काटकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुख्य आरोपी विजय देवांगन 15 साल से मैकेनिक था और तकनीकी ज्ञान का दुरुपयोग कर बाइक-स्कूटी चोरी करता था।
आरोपी वाहन को घर ले जाकर काटकर कबाड़ियों को बेच देता था। पुलिस ने लगभग 7 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मकान चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
मोहन नगर पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाली आरोपी महिला जागेश्वरी मार्कंडेय (26) को गिरफ्तार किया है।
उसके पास से सोने-चांदी के जेवर और नगदी मिलाकर कुल 3,42,360 रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
चावल उत्सव से पहले दुकानों में लटका ताला
रानीतराई क्षेत्र के पाटन ब्लॉक में चावल उत्सव से पहले कई राशन दुकानों में ताले लगे रहे।
ग्राम सेलूद, मुड़पार, चुनकट्टा और अकतई समेत कई जगह हितग्राही राशन से वंचित रहे। कई दुकानों में जनवरी का चावल भी नहीं बांटा गया, जबकि मशीन में वितरण दिखा दिया गया।
बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार का फोर्टिफाइड चावल नहीं पहुंचने से पूरा वितरण प्रभावित हुआ है।
55 लाख धोखाधड़ी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
सुपेला पुलिस ने 55 लाख रुपये की जमीन धोखाधड़ी केस में दूसरे आरोपी जोगी सिंह सोनी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने फर्जी आधार-पैन बनाकर बैंक खाता खुलवाया और जमीन बेचने का झांसा देकर रकम हड़प ली थी। मामले में पहले आरोपी को जेल भेजा जा चुका है।
फैक्ट्री में मौत पर मुआवजे की मांग
हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में काम के दौरान जूनियर टेक्नीशियन उपेंद्र साहू की मौत हो गई।
घटना के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और परिजनों ने फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन कर उचित मुआवजे की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रेलर की टक्कर से 5 साल की बच्ची की मौत
खुर्सीपार में तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार मां-बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में 5 वर्षीय श्रेया जांगड़े की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मां घायल है।
पुलिस ने ट्रेलर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीएसपी रिटेंशनधारियों की जनजागरण रैली
बीएसपी रिटेंशनधारियों ने तय किया है कि 16 फरवरी को भिलाई बचाने जनजागरण रैली निकाली जाएगी।
रैली के दौरान सीटी बजाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और रिटेंशन पॉलिसी वापस लेने की मांग की जाएगी।





