दुर्ग जिले में जनगणना कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। वहीं भिलाई में सड़क चौड़ीकरण को लेकर चक्काजाम और अधिवक्ता संघ चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है।
जनगणना ड्यूटी के विरोध में शिक्षक
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन ने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने पर नाराजगी जताई है। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर दुर्ग के नाम एडीएम और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन का कहना है कि शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी, सर्वे, डेटा एंट्री जैसे कार्यों में लगाने से बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा परिणाम प्रभावित हो रहे हैं।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर चक्काजाम
भिलाईनगर के जुनवानी से आईआईटी कुटेला भाटा मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के विरोध में ग्राम खम्हरिया के लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे 30-50 साल से वहां रह रहे हैं और उनके पास पट्टा भी है, इसके बावजूद उन्हें हटाया जा रहा है। पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
अधिवक्ता संघ चुनाव में जोर-आजमाइश
दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो गया है।
- कुल 17 पदों के लिए 64 प्रत्याशी मैदान में
- 1702 अधिवक्ता करेंगे मतदान
- 4 अप्रैल को वोटिंग, 5-6 अप्रैल को मतगणना
अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
लेबर कोड के विरोध में काला दिवस
संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने नए लेबर कोड के विरोध में प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
खारुन पुल पर जाम से लोग परेशान
कुम्हारी टोल के पास खारुन नदी पुल पर मरम्मत कार्य के पहले ही दिन भारी जाम लग गया। सिंगल लाइन ट्रैफिक और डायवर्जन के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
नगर निगम की टैक्स वसूली में बढ़ोतरी
भिलाई नगर निगम ने इस वर्ष 54 करोड़ से अधिक संपत्तिकर वसूला, जो पिछले साल से करीब 5.6 करोड़ अधिक है।
फर्जी निवेश और मैरिज ब्यूरो ठगी के मामले
- भिलाई में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 38.25 लाख की ठगी
- राजनांदगांव में फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए युवकों से ठगी
- पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की
हाईटेक हो रही पुलिस व्यवस्था
दुर्ग पुलिस ने 500 से अधिक अपराधियों के फिंगरप्रिंट डिजिटल सिस्टम में अपलोड किए हैं, जिससे भविष्य में अपराधियों की पहचान आसान होगी।
अवैध खनन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
जिले में खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की टीम ने आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान मुरूम और गिट्टी से भरी गाड़ियों को जब्त कर संबंधित थानों में रखा गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर भर्रेगांव, खुटेरी, रवेली, कोटरासरार, अर्जुनी, भोथली और बाघमार सहित कई क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अवैध परिवहन और उत्खनन में संलिप्त वाहनों को जब्त कर खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
84 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता का लक्ष्य
राजनांदगांव के वन क्षेत्रों में इस वर्ष 84 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 51 समितियों को जिम्मेदारी देने और 700 से अधिक फड़ तैयार करने की योजना बनाई गई है।
वन विभाग के अनुसार, जिले के 60% से अधिक क्षेत्र में वन संपदा है और इस बार बेहतर उत्पादन की संभावना जताई जा रही है।
फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़
“लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी युवतियों के फर्जी फोटो और प्रोफाइल बनाकर युवकों को भेजते थे और रजिस्ट्रेशन व मीटिंग के नाम पर पैसे वसूलते थे।
पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनके पास से मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच में हजारों फर्जी फोटो मिलने का खुलासा हुआ है।





