March 4, 2026

दुर्ग में NPS खातों से 1.19 करोड़ की ठगी, फर्जी मृत्यु दावा कर निकाली रकम

दुर्ग। राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से जुड़े खातों में फर्जी मृत्यु का दावा कर करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, HDFC Bank के बोकारो (झारखंड) स्थित प्रबंधक ने पाटन थाने में लिखित शिकायत दी थी कि राष्ट्रीय पेंशन योजना के खातों में फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर बड़ी राशि निकाली गई है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जिन व्यक्तियों को दस्तावेजों में मृत दर्शाया गया था, वे वास्तव में जीवित हैं।

जांच में सामने आया कि दुर्ग में ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करने वाला राजेश कन्नौजिया ग्राहकों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज लेकर फर्जी कागजात तैयार करता था। इन दस्तावेजों के आधार पर मृत्यु दावा प्रस्तुत कर राशि निकाली जाती थी। अधिकांश पीड़ित सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

जांच में दावों में असामान्य पते, अमान्य QR कोड और बैंक खातों के लेन-देन में अनियमितताएं भी सामने आईं। वहीं HDFC Life के पूर्व कर्मचारी राजेश ठाकुर पर अपने पद का दुरुपयोग कर जाली दस्तावेज अपलोड करने और गलत सत्यापन करने का आरोप है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।