दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्रिकेट मैच पर लगाया जा रहा था ऑनलाइन सट्टा
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि तकियापारा स्थित सोहेल अहमद खान के मकान में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन रुपये-पैसे का दांव लगाकर सट्टा खिलाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सोहेल अहमद खान और संतोष कुमार गोंड़ को गिरफ्तार किया था।
लैपटॉप, मोबाइल और नकदी समेत 2.70 लाख की सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने में इस्तेमाल होने वाला 1 लैपटॉप, 1 LED टीवी, 4 मोबाइल फोन, 1 DVR और 5 हजार रुपये नकद जब्त किए थे। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 70 हजार 500 रुपये बताई गई।
12 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे में शामिल सोहेब अख्तर, साहिल उर्फ सोनू, विजेन्द्र कुमार, मनय बोथरा, राहुल रंगवानी, संदीप कापसे, अमान अली, हुसैन अली, सोविंद यादव और जुनैद रज्जा समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
फरार आरोपी उमेश भगत भी गिरफ्तार
मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 और BNS की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान उमेश भगत उर्फ अंकल फरार चल रहा था।

पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। अब उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।





