May 18, 2026

दुर्ग में अफीम खेती मामले पर सीएम साय का बयान | बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

रायपुर। दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्महाउस में अफीम की खेती का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में उनकी सरकार बनने के बाद से हर प्रकार के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है। यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में फैली अफीम की खेती से लगभग 14 लाख 30 हजार पौधे जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार (58), विकास विश्नोई (27), मनीष ठाकुर और अचला राम जाट (28) को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि फार्महाउस में राजस्थान के मजदूर काम कर रहे थे और सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे।

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की मांग की। विधानसभा बजट सत्र के शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर निजी भूमि पर अफीम की खेती की जा रही थी, जो गंभीर मामला है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि एफआईआर में मुख्य आरोपी का नाम पीछे रखा गया है, जिससे मामले में लीपापोती की आशंका पैदा होती है। उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि अब केवल नशे का व्यापार ही नहीं बल्कि उसकी खेती भी होने लगी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच एनडीपीएस एक्ट के तहत कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।