July 23, 2026

दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता, 60 लाख के गहने चोरी मामले में ज्वेलरी शॉप संचालक समेत 2 गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी के घर हुई 60 लाख रुपये के गहनों की चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी के गहने खरीदने वाले ज्वेलरी शॉप संचालक समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लाख रुपये का सोना और 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामला Supela Police Station क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, भिलाई के नेहरू नगर निवासी स्क्रैप कारोबारी विनय अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने और नगदी चोरी कर ली।

मामले की जांच में जुटी सुपेला थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच और आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के बाद पुलिस मेरठ और दिल्ली पहुंची, जहां आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर बिलासपुर से एक्टिवा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में रेकी करते थे। आरोपी दरी, गलीचा और कारपेट बेचने वाले फेरीवाले बनकर शहरों में घूमते थे और बाहर से ताला लगे मकानों को निशाना बनाते थे।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा घर के अंदर घुसकर चोरी करता था। चोरी किए गए गहनों को मेरठ के सलीम ज्वेलर्स में बेचा जाता था।

पुलिस ने मेरठ से ज्वेलरी शॉप संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार कर भिलाई लाया है। आरोपियों के पास से करीब 400 ग्राम सोना और 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने तिफरा बिलासपुर, नवा रायपुर और मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।