दुर्ग। दुर्ग जिले की नेवई पुलिस ने अवैध नशीली टेबलेट की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी भिलाई के स्टेशन मरोदा क्षेत्र में अपने घर के सामने लंबे समय से नशीली टेबलेट बेचने का धंधा कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 52 हजार रुपये कीमत की प्रतिबंधित टेबलेट जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरोदा निवासी एक युवक शिवपारा शीतला तालाब के पास अपने घर के सामने अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेचने के लिए रखा हुआ है। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान स्टेशन मरोदा शीतला पारा निवासी सुजल सिंह (22 वर्ष) के कब्जे से ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की 13 पत्तियां बरामद की गईं। जब्त टेबलेट का कुल वजन 16.12 ग्राम और अनुमानित कीमत 52 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।





