दुर्ग में नशा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दुर्ग। ऑपरेशन विश्वास के तहत भिलाई भट्टी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर-3 शिव मंदिर के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से चिट्टा, नगदी और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से नशे के खिलाफ सूचना देने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की है।
सीएसवीटीयू ने परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया शुरू की
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने अप्रैल-मई 2026 परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीटेक के पांचवें और छठवें सेमेस्टर के छात्र 27 अप्रैल से 11 मई तक आवेदन कर सकते हैं। देरी होने पर लेट फीस देनी होगी, जो प्रतिदिन 30 से 200 रुपये तक निर्धारित है। एबीसी आईडी अनिवार्य की गई है, बिना इसके एडमिट कार्ड जारी नहीं होंगे।
राजनांदगांव में तेंदूपत्ता संग्रहण लक्ष्य बढ़ा
राजनांदगांव। जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष 80,800 मानक बोरा का लक्ष्य तय किया गया है। वन विभाग ने 638 फड़ों की व्यवस्था की है और करीब 49,334 संग्राहकों को जोड़ा गया है। संग्रहण दर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा तय की गई है।
आईपीएल सट्टा का बड़ा खुलासा
राजनांदगांव। बसंतपुर क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि दूसरा फरार है। जांच में लगभग 2 करोड़ रुपये के सट्टा लेन-देन का खुलासा हुआ है। आरोपी के मोबाइल और नकदी जब्त की गई है।
छुरिया में ट्रैक्टर हादसे में मासूम की मौत
छुरिया। ग्राम मातेखेड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक और मालिक ने शव को छुपाने के लिए 5 किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
राजनांदगांव में रोजगार मेला 6 मई को
राजनांदगांव। जिला रोजगार कार्यालय में 6 मई को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें 8 कंपनियां मिलकर 794 पदों पर भर्ती करेंगी। फायरमैन, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर और अन्य कई पद शामिल हैं।
अवसर परीक्षा के लिए आवेदन शुरू
राजनांदगांव। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के बाद अब अवसर परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 मई से शुरू हो गई है, जो 30 मई तक चलेगी। पूरक, अनुत्तीर्ण और श्रेणी सुधार वाले विद्यार्थी इस परीक्षा का लाभ ले सकेंगे।





