दुर्ग। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े 1.11 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में धमधा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अतिथि शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री के निवास का घेराव किया। दूसरी ओर रोजगार मेले की तैयारी और रेलवे भूमि लौटाने की अनूठी पहल भी चर्चा में रही।
1.11 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
धमधा पुलिस ने सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के 267 महिला ग्राहकों से 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार रुपये से अधिक की राशि के गबन और धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शिकायत के अनुसार ऋण की किस्तों और लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा नहीं कर आपराधिक षड्यंत्र के तहत रकम का गबन किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल विश्वकर्मा और संदीप कुमार खूंटीहरे के रूप में हुई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रेलवे की जमीन पर बना मकान परिवार ने स्वेच्छा से लौटाया
दल्लीराजहरा के चंदैनी भाठा क्षेत्र में रेलवे की अधिग्रहित भूमि पर बने करीब 50 वर्ष पुराने मकान को उसके वारिसों ने स्वेच्छा से रेलवे प्रशासन को सौंपने का निर्णय लिया है। दुर्ग जनपद पंचायत के सभापति गोपाल कुमार यादव ने परिवार की सहमति से मकान की चाबी रेलवे को सौंपने और भविष्य में किसी भी प्रकार का स्वामित्व दावा नहीं करने की घोषणा की है। इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
अतिथि शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री निवास का किया घेराव
राज्य अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) कल्याण संघ के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे शिक्षकों ने रविवार को दुर्ग में शिक्षा मंत्री के निवास का घेराव किया। बारिश के बीच प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा, समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी।
10 जुलाई को लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय और जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में 10 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 14 नियोजकों द्वारा 1317 तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, नर्सिंग और अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकेंगे।
जमीन बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में जमीन बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने 95 हजार रुपये अग्रिम राशि लेने के बाद उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम करा दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारिश में बह गई आमनेर पुल की सेंट्रिंग
खैरागढ़। लगातार बारिश के बीच आमनेर नदी पर निर्माणाधीन पुल की सेंट्रिंग तेज बहाव में बह गई, जिससे खैरागढ़ बाईपास परियोजना को बड़ा झटका लगा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई मजदूर पुल पर मौजूद नहीं था। वर्ष 2008 में स्वीकृत बाईपास परियोजना का यह पुल अब तक अधूरा है और ताजा घटना के बाद निर्माण में और देरी की आशंका बढ़ गई है।





