भिलाईनगर/दुर्ग/राजनांदगांव। दुर्ग-भिलाई और राजनांदगांव से गुरुवार को कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऑटो-ई-रिक्शा में QR कोड लगाने की तैयारी है। वहीं निर्माण कार्य में अनियमितता मिलने पर महापौर ने कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके अलावा कीटनाशक विक्रेताओं पर कार्रवाई, जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, सरकारी कार्यालय से चोरी और नदी में डूब रही बुजुर्ग महिला को बचाने जैसी खबरें भी सामने आई हैं।
ऑटो-ई-रिक्शा में लगेगा QR कोड, स्कैन करते ही मिलेगी ड्राइवर की जानकारी
भिलाईनगर। शहर में ऑटो और ई-रिक्शा का सफर सुरक्षित बनाने के लिए दुर्ग पुलिस नई पहल करने जा रही है। इसके तहत ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को QR कोड जारी किया जाएगा। QR कोड स्कैन करने पर वाहन और ड्राइवर से संबंधित जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
यातायात पुलिस 16 अगस्त से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 150 चालकों की बैठक लेकर उन्हें QR कोड रजिस्ट्रेशन के उद्देश्य और इसके फायदे बताए गए।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक कौशलेंद्र देव पटेल और डीएसपी ट्रैफिक विशाल सोन ने रजिस्ट्रेशन और QR कोड जारी करने की प्रक्रिया का डेमो भी दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन करना है।
निर्माण कार्य में गड़बड़ी, महापौर ने मौके पर पहुंचकर कराई जांच
दुर्ग। वार्ड 23, दीपक नगर में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत पर महापौर अलका बाघमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सरिया के आकार में गड़बड़ी सामने आई।
बताया गया कि जहां 4 एमएम की सरिया लगनी थी, वहां 8 एमएम और जहां 8 एमएम की सरिया निर्धारित थी, वहां 4 एमएम की सरिया इस्तेमाल की जा रही थी। महापौर ने इस पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को निर्धारित मापदंडों के अनुसार निर्माण करने की सख्त हिदायत दी।
महापौर ने मौके पर नाली और पुलिया के निर्माण को तोड़कर अंदर से भी जांच कराई। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अनियमितता मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुक्तिधाम में निःशुल्क लकड़ी वितरण बंद, ठेका खत्म होने का हवाला
दुर्ग। शिवनाथ नदी स्थित मुक्तिधाम में नगर निगम की निःशुल्क लकड़ी वितरण योजना पिछले सप्ताह से बंद है। शहर और आसपास के गांवों से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि निःशुल्क लकड़ी वितरण का ठेका समाप्त होने के कारण यह व्यवस्था बंद हुई है। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार नए ठेके की प्रक्रिया पूरी होने तक पूर्व ठेकेदार को ही योजना का लाभ जारी रखना था, लेकिन पूर्व ठेकेदार ने ठेका समाप्त होने का हवाला देते हुए लकड़ी वितरण बंद कर दिया है।
जिला साहू संघ की वार्षिक आमसभा 16 अगस्त को
दुर्ग। जिला साहू संघ दुर्ग की वार्षिक आमसभा 16 अगस्त को दोपहर 12 बजे साहू सदन, केलाबाड़ी में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत कर्मा माता की पूजा और आरती से होगी।
आमसभा में पिछले वर्ष के आय-व्यय और ऑडिट रिपोर्ट पेश की जाएगी। इसके साथ ही पिछले वर्ष आयोजित कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। जिला साहू संघ अध्यक्ष नंदलाल साहू आगामी वर्ष में होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत करेंगे।
CSVTU ने PG और PG डिप्लोमा की दूसरी प्रोविजनल सूची जारी की
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए PG और PG डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की द्वितीय चरण की प्रोविजनल चयन सूची जारी कर दी है।
सूची में एम.टेक., मास्टर ऑफ प्लानिंग और PG डिप्लोमा (इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड फायर सेफ्टी मैनेजमेंट) के लिए चयनित अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों को 14 अगस्त तक विश्वविद्यालय के UTD में मूल दस्तावेजों के सत्यापन के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
प्रवेश के लिए 10वीं और 12वीं की अंकसूची, स्नातक के सभी सेमेस्टर की मार्कशीट, डिग्री या प्रोविजनल डिग्री, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, ट्रांसफर और कैरेक्टर सर्टिफिकेट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट सहित आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति और दो-दो फोटोकॉपी लानी होगी।
20 कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस, 5 दुकानों में जब्ती की कार्रवाई
राजनांदगांव। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने और कीटनाशकों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में विभाग की टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 25 कीटनाशक विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, उपलब्ध कीटनाशक, बिक्री रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई।
अनियमितता मिलने पर 20 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जबकि 5 विक्रय परिसरों में जब्ती और सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना निर्धारित प्रक्रिया के कीटनाशक बेचने, स्टॉक का सही संधारण नहीं करने या लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
30 हजार स्टाइपेंड की मांग पर अड़े इंटर्न डॉक्टर, रायपुर में प्रदर्शन
राजनांदगांव। इंटर्न डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। जिले के इंटर्न डॉक्टर गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर राजधानी रायपुर पहुंचे और प्रदर्शन किया।
डॉक्टरों ने अपनी मांगों को सामने रखने के लिए नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया। उन्होंने इंटर्नशिप के दौरान आने वाली चुनौतियों और कम स्टाइपेंड की समस्या को अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया। इसके बाद कलेक्टर के माध्यम से संबंधित मंत्रियों के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
इंटर्न डॉक्टरों को वर्तमान में 15,900 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिल रहा है। डॉक्टर इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अन्य राज्यों में इंटर्न डॉक्टरों को इससे अधिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है। इससे पहले 12 अगस्त को डॉक्टरों ने शहर में पैदल मार्च भी निकाला था।
CMHO कार्यालय से तीन AC, टीवी और कंप्यूटर समेत लाखों का सामान चोरी
राजनांदगांव। शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित CMHO कार्यालय से तीन AC, टीवी, कंप्यूटर सेट और कूलर समेत करीब ढाई लाख रुपये के सामान की चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि जिन कमरों से सामान चोरी हुआ, वहां के ताले टूटे नहीं मिले।
CMHO नेतराम नवरतन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कार्यालय में इससे पहले भी इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो चुका है और अब तक करीब पांच से छह लाख रुपये की चोरी होने की बात सामने आई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार्यालय में CCTV कैमरे नहीं होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुराने CMHO कार्यालय में रात के समय असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत भी सामने आई है।
शिवनाथ नदी में डूब रही 72 वर्षीय महिला को पुलिस ने बचाया
मोहला। अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शिवनाथ नदी में डूब रही 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान बचाई। 13 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को नदी में एक महिला के शव के तैरने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण स्थानीय तैराक श्रवण निषाद की मदद ली गई। तैराक ट्यूब के सहारे महिला तक पहुंचा और उसे बाहर निकाला। महिला की सांस चल रही थी।
पुलिस जवानों ने मौके पर ही CPR दिया, जिसके बाद महिला के शरीर में हलचल होने लगी। इसके बाद उसे 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
महिला की पहचान जमुना साहू, पति फिरंगी साहू, उम्र 72 वर्ष, निवासी ग्राम मेरेगांव वार्ड नंबर 2, अंबागढ़ चौकी के रूप में हुई है।





