धर्म परिवर्तन के दबाव में मां से मारपीट, युवक गिरफ्तार
भिलाईनगर। नेवई थाना क्षेत्र में मां पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाने, गाली-गलौज करने, घर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि आशीष नगर पश्चिम, रिसाली निवासी सरोज वर्मा (52) ने 16 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र होशांग वर्मा लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह गाली-गलौज करता और घर में तोड़फोड़ करता था।
शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 298, 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
काम शुरू होने से पहले 56 हजार का भुगतान, पंचायत सचिव निलंबित
दुर्ग। ग्राम पंचायत अंजोरा (ख) में पेवर ब्लॉक कार्य शुरू होने से पहले ही 56 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया। मामले की जांच में वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन पंचायत सचिव ताम्लेश्वरी देवांगन को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत कार्य की राशि ए.के. टाइल्स को बिना काम प्रारंभ किए जारी कर दी गई थी। जिला पंचायत ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की है।
जय बालाजी इंडस्ट्रीज एक वर्ष के लिए संरक्षित क्षेत्र घोषित
दुर्ग। जिला प्रशासन ने बोरई-रसमड़ा स्थित मेसर्स जय बालाजी इंडस्ट्रीज लिमिटेड के औद्योगिक परिसर को एक वर्ष के लिए संरक्षित क्षेत्र घोषित किया है।
यह आदेश छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 26 के तहत जारी किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों की अनुशंसा के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने यह निर्णय लिया।
दुर्ग रेलवे स्टेशन में लगेंगे दो नए एस्केलेटर
भिलाईनगर। रेलवे बोर्ड परामर्शदात्री समिति की बैठक में दुर्ग रेलवे स्टेशन पर दो नए एस्केलेटर लगाने और पावर हाउस स्टेशन में दिव्यांगों के लिए रैंप बनाने की जानकारी दी गई।
बैठक में यात्री सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने जल्द कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया।
राजनांदगांव रेंज में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज
राजनांदगांव। मोहला-मानपुर क्षेत्र में सक्रिय बचे छह नक्सलियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मार्च 2026 से पहले क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त करने की तैयारी चल रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले के अन्य क्षेत्र पहले ही नक्सलमुक्त घोषित किए जा चुके हैं।





