भिलाईनगर। ऑनलाइन सट्टा खिलाने के मामले में छावनी पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के दुर्ग जिला उपाध्यक्ष चेतन चंदेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 31 मई को कसाई मोहल्ला नहर किनारे ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा गया था। पूछताछ में चेतन चंदेल का नाम सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
शहर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि चेतन चंदेल का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ जुआ, सट्टा, मारपीट और छेड़छाड़ सहित कई मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
बर्खास्त आरक्षक ने की आत्महत्या की कोशिश
दुर्ग। पुलिस विभाग से बर्खास्त आरक्षक अर्जुन दुबे ने कथित रूप से कीटनाशक सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने उसे भिलाई के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार आरक्षक आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। मामले की जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले 6 लोगों पर कार्रवाई
भिलाईनगर। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया पर विवादित और भड़काऊ पोस्ट साझा करने वाले छह लोगों की पहचान कर कार्रवाई की है। जांच में चार आरोपी नाबालिग पाए गए। पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री हटवाकर अभिभावकों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।
कूलर में करंट लगने से मजदूर की मौत
भिलाईनगर। छावनी थाना क्षेत्र में कूलर में पानी भरते समय करंट लगने से 49 वर्षीय संतोष कुमार यादव की मौत हो गई। परिजनों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
250 टन लोहा चोरी मामले में जांच तेज
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से 250 टन लोहा चोरी मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस ने भिलाई के एक बड़े ट्रांसपोर्टर और रसमड़ा स्थित एक फैक्ट्री में जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
फरार आरोपी संजय सिंह की तलाश जारी है। पुलिस ने उसके ठिकानों से 10 बैंक खातों की पासबुक और 18 कंपनियों की चेकबुक जब्त की हैं। बैंक लेन-देन की जांच के जरिए पूरे सिंडिकेट से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
शिक्षक भर्ती, प्रमोशन और पोस्टिंग अब ऑनलाइन
दुर्ग। स्कूल शिक्षा विभाग आगामी शैक्षणिक सत्र से शिक्षक भर्ती, पदोन्नति और स्थानांतरण की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विभिन्न विभागीय पोर्टलों को अपडेट किया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर एचआरएमआईएस, सीसीएमएस और अन्य पोर्टलों में जानकारी अद्यतन करने के निर्देश दिए। आगामी स्थानांतरण प्रक्रिया भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही संचालित की जाएगी।
10 जून को लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला
राजनांदगांव। जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 10 जून को स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय सोमनी में किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 954 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले में सुरक्षा गार्ड, हाउसकीपिंग स्टाफ, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, होटल मैनेजमेंट, फिटर और अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी।





