दुर्ग। जिला अस्पताल में सिकल सेल पीड़ित युवती की मौत के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। वहीं युक्तियुक्तकरण के बाद नई पदस्थापना पर जॉइनिंग नहीं देने वाले चार शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। दूसरी ओर पॉलीटेक्निक प्रवेश काउंसलिंग का शेड्यूल जारी हुआ है और फ्रेट कॉरिडोर परियोजना को लेकर 25 गांवों की जमीन पर लेन-देन प्रतिबंध में संशोधन किया गया है।
सिकल सेल मरीज की मौत मामले में 9 कर्मचारियों को नोटिस
जिला अस्पताल दुर्ग में उपचार के दौरान 22 वर्षीय सिकल सेल पीड़ित दीपिका गाड़ा की मौत के मामले में सिविल सर्जन सहित 9 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें 3 डॉक्टर, 3 नर्स और 2 ब्लड बैंक टेक्नीशियन शामिल हैं।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और समय पर रक्त उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया था। सभी संबंधित कर्मचारियों से दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
नई शाला में जॉइनिंग नहीं देने वाले 4 शिक्षक पदच्युत
युक्तियुक्तकरण के बाद नई पदस्थापना वाली शालाओं में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर चार सहायक शिक्षक एलबी को सेवा से पदच्युत कर दिया गया है।
कार्रवाई की जद में आए शिक्षकों में नारायण दास जोशी, जानेश्वर कुमार ठाकुर, प्रदीप देशमुख और लक्ष्मी नारायण चंद्राकर शामिल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षकों को पांच बार अवसर दिए गए थे, लेकिन उन्होंने जॉइनिंग नहीं दी।
पॉलीटेक्निक डिप्लोमा प्रवेश के लिए 11 जून से काउंसलिंग
तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने शासकीय और निजी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग कार्यक्रम जारी किया है।
पहले चरण के लिए पंजीयन 11 से 15 जून तक होगा। मेरिट सूची 16 जून को जारी की जाएगी, जबकि सीट आवंटन 19 जून को होगा। चयनित विद्यार्थियों को 20 से 24 जून के बीच प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
25 गांवों की जमीन पर लेन-देन प्रतिबंध सूची में संशोधन
प्रस्तावित ईस्ट-वेस्ट डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना के लिए दुर्ग, पाटन और भिलाई-3 तहसील के कुल 25 गांवों की भूमि को अस्थायी प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया है।
इन क्षेत्रों में भूमि के खाता विभाजन, अंतरण, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर आगामी आदेश तक रोक रहेगी।
सेक्टर-9 अस्पताल के भविष्य को लेकर सीटू की चिंता
भिलाई के सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के भविष्य को लेकर सीटू प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात की है।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने और कर्मचारियों व हितधारकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में पार्षद को नोटिस
रिसाली नगर निगम की पार्षद पार्वती महानंद को कथित फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में संभागायुक्त ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उन्हें 25 जून तक जवाब देने का अंतिम अवसर दिया गया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पद से हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
राजनांदगांव: अवैध डीजल कारोबार पर कार्रवाई
बागनदी पुलिस ने ग्राम घोरतलाब स्थित एक ढाबे में छापेमारी कर करीब 500 लीटर डीजल जब्त किया है।
मामले में संदीप सिंह और उत्कर्ष मौर्य को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
साइबर ठगी मामले में म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार
साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने म्यूल बैंक खाते के जरिए साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में शामिल रूपेंद्र कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
लॉज संचालक और महिला पर कार्रवाई
जमातपारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कैलाश लॉज के संचालक प्रीमन कुमार जैन और एक विवाहित महिला को हिरासत में लिया।
दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है।
RTE के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू नहीं
शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
स्कूल खुलने में कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन पोर्टल नहीं खुलने से कई पात्र बच्चे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि शासन से अभी नए निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।





