दुर्ग। विशेष न्यायालय (एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम) रायपुर द्वारा गंभीर आपराधिक मामले में दोषसिद्धि के बाद संभागीय संयुक्त संचालक कृषि दुर्ग श्रीमती गोपिका गभेल ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी देवनारायण साहू को तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
देवनारायण साहू पर भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। विशेष न्यायाधीश, एससी/एसटी एक्ट रायपुर ने 2 मई 2026 को उन्हें धारा 64(2)(ड), धारा 69 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(ट) के तहत दोषी मानते हुए 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। शासन के नियमानुसार अब वे भविष्य में किसी भी सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य होंगे और सेवा संबंधी लाभ भी नहीं मिलेंगे।
ऐतिहासिक जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल के संरक्षण की तैयारी
दुर्ग। शहर के ऐतिहासिक जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल के संरक्षण और आधुनिकीकरण को लेकर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने अधिकारियों के साथ विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया।
स्वतंत्रता पूर्व स्थापित इस स्कूल की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि यह विद्यालय केवल शैक्षणिक संस्था नहीं बल्कि दुर्ग शहर की विरासत है।
स्कूल में “सुपर-30” योजना शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है, जिसके तहत नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को विशेष कोचिंग और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
सेल की यूनिटों में 25% जीएम का ट्रांसफर संभव
भिलाईनगर। महारत्न कंपनी Steel Authority of India Limited की सभी यूनिटों में बड़े पैमाने पर जीएम स्तर के अधिकारियों के तबादले की तैयारी चल रही है।
जानकारी के अनुसार ऐसे अधिकारी जिनका अब तक दूसरी यूनिट में रोटेशन नहीं हुआ और जिनकी कम से कम 8 वर्ष की सेवा शेष है, उन्हें अन्य यूनिटों में भेजा जा सकता है। इससे लगभग 25 प्रतिशत जीएम प्रभावित होंगे। ट्रांसफर की चर्चा से अधिकारियों में हलचल मची हुई है।
खेतों से सोलर पैनल चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार
भिलाईनगर। उतई और मचांदुर क्षेत्र में खेतों से सोलर पैनल, लोहे के एंगल और बिजली झटका मशीन चोरी करने वाले गिरोह को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने रेकी कर चोरी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजू महिलांगे, भूपत निर्मलकर, रामकुमार साहू और उसकी पत्नी शामिल हैं।
मेंटेनेंस कार्य से लोकल ट्रेनें रद्द, यात्री परेशान
राजनांदगांव। गोंदिया यार्ड में मेंटेनेंस और तकनीकी कार्यों के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कई लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
21 और 22 मई को गोंदिया-गढ़ा, गढ़ा-गोंदिया, गोंदिया-झारसुगुड़ा, रायपुर-डोंगरगढ़ समेत कई मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। इससे दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डोंगरगढ़ के नेहरू स्टेडियम को मिलेगा नया स्वरूप
डोंगरगढ़। नगर के प्रमुख खेल मैदान नेहरू स्टेडियम के उन्नयन की दिशा में पहल शुरू हो गई है। पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, एसडीएम एम. भार्गव और जनप्रतिनिधियों ने मैदान का निरीक्षण कर खेल सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की।
मैदान में पेयजल, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और खेल संसाधनों को बेहतर बनाने की योजना तैयार की जा रही है। स्टेडियम संचालन के लिए विशेष समिति गठित करने का भी सुझाव दिया गया।
भारतीय सेना भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित
मोहला। भारतीय सेना भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। परीक्षा 1 जून से 5 जून और 8 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित होगी।
प्रदेश के भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन 3 से 4 शिफ्ट में होगी।
रेवाडीह जंगल में बड़े पैमाने पर पेड़ कटाई से हड़कंप
छुईखदान। रेवाडीह जंगल में करीब 116 एकड़ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक साजा, बीजा, तिनसा और बांस जैसे कीमती पेड़ों को भारी मशीनों से काटा जा रहा है।
ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने आरोप लगाया है कि बिना विभागीय अनुमति के जंगल साफ किया जा रहा है। एसडीएम अविनाश ठाकुर ने जांच के लिए राजस्व और वन विभाग की टीम भेजने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कटाई के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी।





