दुर्ग: वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर मुक्तिधाम के पास रहने वाली 34 वर्षीय स्वामी मंडावी के घर हुई चोरी का मामला सुलझ गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मुख्य आरोपी पीड़िता की नाबालिग भतीजी निकली।
पीड़िता ने 21 दिसंबर से 15 फरवरी के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोने के गहनों की चोरी की शिकायत थाना वैशाली नगर में दर्ज कराई थी। पुलिस ने धारा 305, 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में नाबालिग भतीजी ने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने गहने अपने मित्र रंजीत वर्मा को बेचने के लिए दिए थे। पुलिस ने रंजीत वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी के आभूषण अन्य साथियों को बेचने की बात कबूल की।
रंजीत वर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने एक सोने का नेकलेस (लगभग 2.50 लाख रुपये), एक सोने का मंगलसूत्र (लगभग 1.70 लाख रुपये) और कुछ नगद राशि बरामद की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।





