May 14, 2026

दुर्ग-रिसाली नगर निगम के तीन वार्डों के उपचुनाव निरस्त

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम और रिसाली नगर निगम के तीन वार्डों में प्रस्तावित उपचुनाव को निरस्त कर दिया गया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की आपत्ति के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने यह फैसला लिया है।

जानकारी के अनुसार, रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 02 रूआबांधा, वार्ड क्रमांक 39 पुरैना और भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1 जुनवानी में पार्षदों के निधन के बाद सीटें रिक्त हुई थीं। इन वार्डों में उपचुनाव के लिए 11 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी थी, जबकि मतदान 1 जून और मतगणना 4 जून को प्रस्तावित थी।

हालांकि दोनों नगर निगमों का कार्यकाल जनवरी 2027 में समाप्त होने वाला है और इसी वर्ष दिसंबर में नगरीय निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में महज पांच महीने के लिए चुनाव कराना शासन और प्रशासन पर अतिरिक्त आर्थिक भार माना गया।

इसी मुद्दे को लेकर कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर उपचुनाव निरस्त करने की मांग की थी। इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर दुर्ग कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने तीनों वार्डों के उपचुनाव निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए।