दुर्ग। जिले के कुम्हारी के पास नेशनल हाईवे-53 पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ कुल पांच लोग बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। इसी दौरान कुम्हारी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर (क्रमांक CG 07 NA 0930) के पीछे स्कूटी जा भिड़ी।
हादसा इतना भीषण था कि अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7) और डाली (4) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भावेश (8) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है, जबकि ट्रैक्टर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टक्कर हादसे की वजह मानी जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।





