दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के गोडपेंडरी गांव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक अपनी नानी के साथ दुर्ग से गरियाबंद जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलिंग से जा टकराया। युवक ने बताया कि उसे अचानक झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में उसकी नानी की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल युवक को गंभीर चोटें आई हैं, खासकर उसके पैर में चोट बताई जा रही है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मौके पर 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। काफी देर इंतजार के बाद 112 वाहन के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एंबुलेंस सेवा में देरी को लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।





