दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सरकारी स्कूल में कथित तौर पर प्रतिबंधित दवा खाने से 8 स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। मामला पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। सभी बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू (ICU) में भर्ती किया गया है।
चॉकलेट बताकर खिलाई गई प्रतिबंधित दवा
जानकारी के अनुसार, स्कूल की 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने सहपाठियों को चॉकलेट बताकर कथित रूप से प्रतिबंधित दवा खिला दी। दवा खाने के कुछ समय बाद बच्चों को चक्कर आने, बेहोशी और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतें होने लगीं। घटना के बाद स्कूल और परिजनों में हड़कंप मच गया।
4 बच्चे अस्पताल में भर्ती, 4 को मिली छुट्टी
दवा खाने वाले 8 बच्चों में से चार बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि चार अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी बच्चों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्राचार्य ने प्रशासन को दी सूचना
विद्यालय की प्राचार्य नलिनी वर्मा ने बताया कि प्रतिबंधित दवा का सेवन 10वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा कराया गया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही शासन-प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र के पास प्रतिबंधित दवा कहां से आई और घटना के पीछे क्या कारण था।
चरणदास महंत ने जताई चिंता
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि स्कूलों में नशे जैसी सामग्री का पहुंचना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने राज्य सरकार और गृह विभाग से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की उपलब्धता पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।





