दुर्ग: भिलाई के पदुमनगर ग्राउंड में एचएम जीएम जनसेवा संस्थान की ओर से छत्तीसगढ़ के वीर शहीदों की स्मृति में “शहीद कप” क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट 21 से 28 फरवरी तक चलेगा, जिसमें कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।
आयोजन के दौरान रोज़ राजनीतिक और सामाजिक जनप्रतिनिधियों द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर मैच की शुरुआत की जाती है। अंतिम दिन शहीद परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा।
शुक्रवार शाम को अहिवारा विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल, और भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष पांडेय उपस्थित हुए। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए एचएम जीएम टीम को बधाई दी। News 24 और लल्लूराम डॉट कॉम मीडिया पार्टनर के रूप में शामिल हैं।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष पांडेय ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक सशक्तिकरण का माध्यम हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। प्रवीण सोनी ने कहा कि “शहीद कप” जैसे आयोजन समाज में एकता और समरसता का संदेश देते हैं।





