July 30, 2026

शिवनाथ नदी में नहाने गए केरल के युवक की डूबने से मौत, भिलाई में करता था नौकरी

दुर्ग। दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र में शिवनाथ नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान केरल के एर्नाकुलम जिले के निवासी आशिन ओएस के रूप में हुई है, जो भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में काम करता था।

दोस्तों के साथ गया था नदी किनारे

जानकारी के अनुसार, आशिन अपने चार दोस्तों के साथ साप्ताहिक अवकाश के दिन घूमने के लिए शिवनाथ नदी पहुंचा था। उसके सभी दोस्त किनारे पर मौजूद थे, जबकि वह नहाने के लिए नदी में उतर गया।

गहरे पानी में जाने से हादसा

नहाने के दौरान वह अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में चला गया और संतुलन बिगड़ने के कारण डूब गया। उसे डूबता देख दोस्तों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद राहत दल मौके पर पहुंचा।

अस्पताल ले जाते समय नहीं बची जान

रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रास्ते में सीपीआर भी दिया गया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।

परिवार का इकलौता कमाने वाला था

जानकारी के मुताबिक, आशिन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव को केरल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।