दुर्ग के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 42 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला, वहीं मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें दो लोगों के नाम सामने आने से मामला और पेचीदा हो गया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहन रामटेक के रूप में हुई है, जो सुपेला थाना क्षेत्र में पिछले तीन महीनों से किराए के मकान में रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था। शनिवार सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और एक सुसाइड नोट जब्त किया।
सुसाइड नोट में राजू पाल और सोनिया गोस्वामी के नाम लिखे मिले हैं, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। वहीं मृतक के भाई नवीन रामटेके ने बताया कि मोहन के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य भिलाई के एक अस्पताल में मां के ऑपरेशन के लिए गए हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
एएसपी सुखनंदन राठौर के अनुसार, रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या। फिलहाल पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है।





