दुर्ग/भिलाई, प्रतिनिधि।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में दुर्ग जिले ने राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। 19 मार्च को जारी रैंकिंग के अनुसार जिले में 93.3 प्रतिशत स्वीकृति, 91.7 प्रतिशत किस्त जारी और 80.9 प्रतिशत आवास पूर्णता दर्ज की गई है। वहीं मनरेगा मजदूरी भुगतान में 88.5 प्रतिशत के साथ जिला प्रदेश में शीर्ष पर रहा है।
जिला प्रशासन के मुताबिक लगातार राशि हस्तांतरण से आवास निर्माण कार्य में तेजी आई है। हाल ही में विभिन्न जनपद पंचायतों में बड़ी संख्या में हितग्राहियों को द्वितीय और तृतीय किश्त जारी की गई है, जिससे निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो रहा है।
वहीं भिलाई नगर निगम का बजट आज पेश किया जाएगा। महापौर नीरज पाल अपने कार्यकाल का अंतिम बजट प्रस्तुत करेंगे। इसे लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। कांग्रेस पार्षदों ने रणनीति तय कर ली है, जबकि भाजपा पार्षद भी बजट बैठक को लंबा खींचने की तैयारी में हैं।
दूसरी ओर, राजपूत क्षत्रिय महासभा का 62वां वार्षिक महाधिवेशन 28 और 29 मार्च को डोंगरगांव में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में शोभायात्रा, सांस्कृतिक आयोजन, सामूहिक विवाह और प्रतिभा सम्मान जैसे आयोजन होंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला अस्पताल दुर्ग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। 900 ग्राम वजन वाले समयपूर्व जन्मे नवजात को करीब 50 दिनों के इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ कर दिया गया। चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के संयुक्त प्रयास से शिशु को नया जीवन मिला है।
इधर, मोहन नगर क्षेत्र में 60 वर्षों पुराने सार्वजनिक मार्ग को बंद किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने जल संसाधन विभाग को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने इसे आम जनता की सुविधा के खिलाफ बताया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए जिले में पानी और जूस फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों से नमूने लिए गए और नियमों के उल्लंघन पर पानी पाउच जब्त किए गए। अधिकारियों ने संचालकों को स्वच्छता और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।





