दुर्ग।
दुर्ग पुलिस ने पुलगांव थाना क्षेत्र में हुए महिला के ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर गला दबाकर और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
काम पर निकली थी महिला, झाड़ियों में मिला शव
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को 52 वर्षीय भगवंती साहू रोज की तरह घर से काम पर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। कुछ घंटों बाद पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में उनका शव बरामद हुआ।
300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
हत्या का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आसपास के लोगों व ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नितेश ठाकुर और हर्ष यादव को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल बेचकर घूमने निकले थे आरोपी
सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि दोनों आरोपी बाइक से घूमने निकले थे। पैसों की कमी होने पर उन्होंने अपना मोबाइल 2 हजार रुपये में बेच दिया। बाद में बाइक खराब होने पर पैदल घूमते हुए उनकी मुलाकात महिला से हुई।
विरोध करने पर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को पैसों और संबंध बनाने का झांसा देकर अपने साथ सुनसान जगह ले गए। वहां दुष्कर्म की कोशिश की गई। महिला के विरोध कर शोर मचाने पर एक आरोपी ने गमछे से उसका गला दबाया, जबकि दूसरे ने पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।





