July 31, 2026

DURG NEWS UPDATE : संविलियन की मांग पर अतिथि शिक्षकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने के आसार

दुर्ग। प्रांतीय अतिथि शिक्षक विद्यामितान कल्याण संघ के बैनर तले प्रदेशभर के अतिथि शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav के गृह जिले दुर्ग सहित कई जिलों में कार्यरत विद्यामितान अतिथि शिक्षकों ने कलमबंद हड़ताल का आह्वान किया है। इससे स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वे पिछले करीब 12 वर्षों से बस्तर के सुदूर अंचलों समेत प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहे हैं। इसके अलावा उनसे विभागीय और प्रशासनिक कार्य भी कराए जाते हैं, लेकिन उन्हें मात्र 20 हजार रुपये मानदेय दिया जाता है। शिक्षकों की प्रमुख मांग है कि उन्हें नियमित शिक्षकों की तरह संविलियन का लाभ दिया जाए और समान कार्य के लिए समान वेतन सुनिश्चित किया जाए।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेशभर में करीब 1532 विद्यामितान अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि उन्हें न तो अवकाश की सुविधा मिलती है और न ही अन्य शासकीय कर्मचारियों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। शिक्षकों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अतिथि शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के चलते कई स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।

इस आंदोलन को कांग्रेस का भी समर्थन मिला है। दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष Dheeraj Bakliwal ने प्रदर्शन स्थल पहुंचकर शिक्षकों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया गया था, लेकिन अब वे संविलियन की मांग कर रहे हैं और उन्हें सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी शिक्षकों को लगातार कार्यालयों के चक्कर लगवा रहे हैं।