दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के करंजा भिलाई से सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांवड़ यात्रा में ग्राम कोडिया पहुंची एक महिला पर उसके परिचित ने बैटरी में इस्तेमाल होने वाला एसिड फेंक दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दो बच्चे भी इसकी चपेट में आकर घायल हुए हैं। मामले में नंदिनी नगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बातचीत बंद करने पर बौखलाया आरोपी
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय मीना निषाद और आरोपी महेश दास बैरागी एक ही कंपनी में काम करते थे। करीब छह महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने कंपनी में काम छोड़ दिया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि महिला ने कुछ समय से उससे बातचीत बंद कर दी थी। सोमवार को महिला कुछ ग्रामीणों के साथ कांवड़ यात्रा में ग्राम कोडिया पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर एसिड फेंक दिया।
बैटरी से एसिड निकालकर पहुंचा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी महेश दास ने बैटरी से एसिड निकालकर उसे एक टिन के डिब्बे में रखा और अरसनारा पहुंचा। यहां उसने महिला के शरीर पर एसिड डालने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद दो बच्चे भी घायल हो गए।
घटना के बाद महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छिपने की कोशिश कर रहा था आरोपी
घटना की सूचना मिलने के बाद नंदिनी नगर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ग्राम करंजा भिलाई में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर महेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





