दुर्ग। जेईई मेंस की परीक्षा में नकल करने के प्रयास के दौरान एक छात्र को दुर्ग पुलिस ने पकड़ा है। घटना पुरानी भिलाई क्षेत्र के पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में हुई। आरोपी छात्र आदित्य ने परीक्षा केंद्र में अपनी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर प्रवेश किया था, लेकिन गार्ड की सतर्कता से पकड़ा गया।
गुरुवार को सुबह 9 बजे शुरू हुई परीक्षा की पहली पाली में आदित्य मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से बचने के लिए अपनी चप्पलें उतार दी। वह लैब में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया। परीक्षा के दौरान करीब 11:08 बजे उसने वॉशरूम जाने की अनुमति ली और लगभग 20 मिनट बाद लौटने पर गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसे दोबारा जांच के लिए रोका।
छात्र की संदिग्ध हरकतों को देख गार्ड ने चप्पल की बारीकी से जांच की, जिसमें मोबाइल छिपा होने का खुलासा हुआ। आदित्य ने चप्पल के तलवे को काटकर मोबाइल रखने के लिए खास जगह बनाई थी।
इसकी सूचना तुरंत कॉलेज के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए अधिकारियों को दी गई। आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया और उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





