भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत में सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब जनपद अध्यक्ष गोपी बधाई के नेतृत्व में जनपद सदस्यों और सरपंचों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नाराज जनप्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा सरपंचों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और विकास कार्यों में कमीशनखोरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन कारणों से क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनप्रतिनिधियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनपद अध्यक्ष गोपी बधाई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जनपद सदस्य और सरपंच जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने सीईओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय में तालाबंदी कर दी और धरने पर बैठ गए।
आंदोलनरत जनप्रतिनिधियों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले भी सीईओ को हटाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सीईओ को हटाने और उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना और तालाबंदी जारी रहेगी।
जनपद पंचायत परिसर में चल रहे इस विरोध प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई और सीईओ पर लगाए गए आरोपों की जांच पर टिकी हुई है।





