डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ में ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए लागू ई-चालान सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला डोंगरगढ़ से सामने आया है, जहां एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर दो अलग-अलग वाहनों को आवंटित पाया गया।
जानकारी के मुताबिक CG 04 QM 9295 नंबर एक टू-व्हीलर और एक SUV दोनों पर दर्ज है। इस तकनीकी गड़बड़ी का खामियाजा राजनांदगांव निवासी अमित गौतम को भुगतना पड़ा, जिनकी XUV 700 कार पर बिना हेलमेट वाहन चलाने का ई-चालान जारी कर दिया गया।

अमित गौतम के मोबाइल पर आया चालान देखकर वे हैरान रह गए, क्योंकि यह उल्लंघन केवल दोपहिया वाहन से जुड़ा होता है। जांच करने पर सामने आया कि उसी नंबर की एक बाइक भी सड़कों पर चल रही है, जबकि चालान SUV मालिक के नाम पर जारी हो रहा है।
यह मामला क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के डेटा मैनेजमेंट सिस्टम में गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है। वाहन पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड में एक ही नंबर का दो बार दर्ज होना न केवल तकनीकी खामी है, बल्कि निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े करता है।
इसके साथ ही नंबर प्लेट पहचान (ANPR) तकनीक और ई-चालान सिस्टम की सटीकता भी संदेह के घेरे में आ गई है।
पीड़ित अमित गौतम ने कहा कि बिना किसी गलती के उन्हें मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विभाग इस गलती को सुधारकर माफी नहीं देता, तो वे न्यायालय का रुख करेंगे।
यह घटना संकेत देती है कि तकनीक आधारित व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, वरना आम नागरिकों को बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।





