July 29, 2026

छत्तीसगढ़ में लॉन्च हुआ ‘ई-श्रम साथी’ ऐप, अब श्रमिकों को घर बैठे मिलेगा काम

श्रमिकों के लिए डिजिटल पहल

छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने निर्माण श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘ई-श्रम साथी (eShram Sathi)’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल विजन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शुरू की गई है।

बिना बिचौलियों के मिलेगा रोजगार

इस ऐप का मुख्य उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार सीधे रोजगार उपलब्ध कराना है। ऐप के जरिए श्रमिक बिना किसी बिचौलिये के सीधे काम तलाश सकेंगे। “निर्माण श्रमिक न हो हताश, ई-श्रम साथी ऐप में करे काम की तलाश” इसी सोच के साथ इस प्लेटफॉर्म को तैयार किया गया है।

नजदीकी काम की मिलेगी जानकारी

ई-श्रम साथी ऐप के माध्यम से श्रमिक अपने निवास स्थान के आसपास उपलब्ध कार्यों की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे। ऐप पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क और आसान रखी गई है, ताकि श्रमिक स्वयं अपना विवरण दर्ज कर अपनी दक्षता के अनुसार काम चुन सकें।

सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

यह ऐप केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ दिलाने में भी मदद करेगा। इससे श्रमिकों को सरकारी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

नियोक्ताओं को भी मिलेगा फायदा

श्रम विभाग के अनुसार यह ऐप नियोक्ताओं के लिए भी उपयोगी साबित होगा। इसके जरिए वे अपनी जरूरत के अनुसार कुशल और अकुशल श्रमिकों की तलाश आसानी से कर सकेंगे। विभाग द्वारा सत्यापित पंजीकृत श्रमिकों तक सीधी पहुंच मिलने से भर्ती प्रक्रिया तेज और भरोसेमंद बनेगी तथा समय और लागत दोनों की बचत होगी।

हेल्पलाइन नंबर जारी

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने सभी पात्र नागरिकों से ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करने की अपील की है। किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-3505050 जारी किया गया है। साथ ही निकटतम श्रम कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।