रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच के तहत टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित अपने जोनल कार्यालय में पूछताछ की। ईडी को संदेह है कि उनका संबंध इस मामले के प्रमुख आरोपी और कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, खंजन जगदीश कुमार ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क का प्रमुख हवाला ऑपरेटर है और भारत में इस नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन व हवाला गतिविधियों का संचालन करता था। ईडी को यह भी आशंका है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार में शामिल रही हैं।
ऐप प्रमोशन और बेटिंग टिप्स देने के आरोप
ईडी की जांच के दौरान ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल सामग्री सामने आई है, जिनमें शेफाली बग्गा कथित तौर पर ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती हुई दिखाई देती हैं। एजेंसी का दावा है कि वह खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े टिप्स भी उपलब्ध कराती थीं, जिसकी जांच की जा रही है।
टेलीग्राम चैनल भी जांच के घेरे में
ईडी के अनुसार, शेफाली बग्गा एक टेलीग्राम चैनल भी संचालित करती हैं, जहां कथित तौर पर गैर-कानूनी ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रमोशनल पोस्ट और टिप्स साझा किए जाते थे। एजेंसी इस चैनल की गतिविधियों और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
फिलहाल ईडी मामले में डिजिटल साक्ष्यों, वित्तीय लेन-देन और पूछताछ के आधार पर आगे की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक शेफाली बग्गा के खिलाफ किसी अदालत द्वारा दोष सिद्ध नहीं हुआ है और जांच जारी है।





