दुर्ग। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की सक्रियता एक बार फिर तेज हो गई है। ताजा कार्रवाई में ईडी की टीम ने भाजपा नेता और अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के दुर्ग स्थित महेश कॉलोनी निवास पर छापेमारी की है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में की जा रही है। हालांकि, ईडी की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
चतुर्भुज राठी एक प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबारी माने जाते हैं और अमर इंफ्रा के संचालक हैं। जानकारी के अनुसार, उन्होंने वर्ष 1986 में अमर बिल्डर्स की शुरुआत एकल स्वामित्व के रूप में की थी, जिसके बाद कंपनी ने तेजी से विस्तार किया और देशभर में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया।
सूत्रों के मुताबिक, हाल के समय में राठी ने कोयला कारोबार में भी कदम रखा है। ईडी की यह कार्रवाई प्रदेश में चल रही जांच के दायरे को और व्यापक करने के संकेत दे रही है।
फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





