September 4, 2026

ED Raid in Chhattisgarh: भूपेश बघेल के PA के घर ED की दबिश, रिटायर्ड पटवारी के ठिकाने पर भी छापा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए के.के. चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित घर पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। ईडी की टीम सुबह-सुबह दो गाड़ियों में यहां पहुंची और घर के अंदर दस्तावेजों की जांच शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, करीब 8 ईडी अधिकारी दो वाहनों में सवार होकर के.के. चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित निवास पहुंचे थे। टीम के पहुंचते ही घर के अंदर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर जवानों की तैनाती भी की गई है।

फिलहाल ईडी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि के.के. चंद्रवंशी के घर पर छापेमारी किस मामले को लेकर की जा रही है। कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

रिटायर्ड पटवारी के घर भी ED की दबिश

इधर, सिकोल भांटा में रिटायर्ड पटवारी कमलेश राजूपत के निवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है। यहां भी अधिकारियों द्वारा घर के भीतर जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि ईडी की टीम दुर्ग के बड़े बिल्डरों से लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। कमलेश राजूपत वर्तमान में पटवारी संघ के अध्यक्ष हैं, जबकि उनकी बेटी पटवारी के पद पर कार्यरत हैं।

कार्रवाई से गरमाया राजनीतिक माहौल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए के घर ईडी की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ का राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं। फिलहाल दोनों ठिकानों पर जांच जारी है। ईडी की आधिकारिक जानकारी और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी किस मामले से जुड़ी है और जांच में क्या सामने आया है।