September 4, 2026

दुर्ग में ED की बड़ी कार्रवाई: रियल एस्टेट कारोबारी सजल जैन और विश्वास गुप्ता के ठिकानों पर छापा, 12 से ज्यादा अधिकारी जांच में जुटे

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी। ED की टीम ने रियल एस्टेट कारोबारी सजल जैन और विश्वास गुप्ता के निवास और दुकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों व अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की है।

तीन गाड़ियों में पहुंची ED की टीम

जानकारी के मुताबिक, ED की टीम दुर्ग के जैन गली स्थित निवास पर करीब तीन गाड़ियों में पहुंची। टीम में 12 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए CRPF के जवानों की तैनाती भी की गई है। टीम द्वारा संबंधित ठिकानों पर दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाले जा रहे हैं।

रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े इनपुट के बाद कार्रवाई

बताया जा रहा है कि कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े दस्तावेजों और जांच के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर ED की कार्रवाई रियल एस्टेट कारोबारियों तक पहुंची है। इसी इनपुट के आधार पर टीम संबंधित ठिकानों पर जांच कर रही है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ED के हाथ कौन-कौन से दस्तावेज या अहम जानकारी लगी है।

इन ठिकानों पर भी ED की छापेमारी

बता दें कि ED ने गुरुवार को रामगोपाल अग्रवाल, जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर और दफ्तर समेत चार ठिकानों पर भी छापेमारी की है। इसके अलावा रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी ED की कार्रवाई जारी है।