रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शराब घोटाला मामले से जुड़ी जांच के तहत कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम ने रायपुर और धमतरी में कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि ईडी ने जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर और कार्यालय समेत करीब चार ठिकानों पर छापा मारा है। इसके अलावा रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है।

कार्रवाई के दौरान ईडी के करीब दर्जनभर अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद हैं। टीम द्वारा दस्तावेजों और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ईडी की कार्रवाई के विरोध में धरना
वहीं, ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धमतरी में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित निवास के सामने धमतरी विधायक ओंकार साहू समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। छापेमारी किन दस्तावेजों या लेन-देन से संबंधित है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इसका आधिकारिक खुलासा कार्रवाई पूरी होने के बाद होने की संभावना है।





