May 14, 2026

5 राज्यों के चुनाव रुझान: भाजपा पर नेताओं का भरोसा, कांग्रेस पर तंज

रायपुर। पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चुनावी रुझानों को लेकर भाजपा की मजबूत स्थिति का दावा किया है।

“अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा”
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव परिणामों पर पूरे देश की नजर है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा कि जनता बदलाव चाहती है और भाजपा को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि असम और पुडुचेरी में भी भाजपा सरकार बनने की स्थिति में है।

कांग्रेस पर मंत्री चौधरी का हमला
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस को “डूबती नाव” बताते हुए कहा कि पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा मजबूत हुई है और जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

असम और बंगाल पर बड़ा दावा
ओपी चौधरी ने असम में भाजपा की हैट्रिक जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी पहले की तुलना में और मजबूत स्थिति में है। वहीं पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा 180-190 सीटों का आंकड़ा पार कर सकती है।

भूपेश बघेल पर साधा निशाना
मंत्री चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां उनके कदम पड़ते हैं, वहां कांग्रेस को नुकसान होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में भी उनके प्रचार का असर पार्टी के पक्ष में नहीं रहा था।

चुनाव के रुझानों के बीच नेताओं के इन बयानों से साफ है कि परिणाम आने से पहले ही राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है।