नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें उनके अमेरिकी नागरिकता हासिल करने और भारतीय नागरिकता से जुड़े दावों ने राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि इन रिपोर्टों पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला ?
रिपोर्ट्स के अनुसार दावा किया जा रहा है कि दिलजीत दोसांझ ने अमेरिकी नागरिकता प्राप्त कर ली है और फिलहाल वे भारतीय नागरिक नहीं हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में अमेरिकी पासपोर्ट का उपयोग कर भारत की यात्रा की थी। इसी के साथ यह भी बताया जा रहा है कि उनके पास ओवरसीज़ सिटिज़न ऑफ़ इंडिया (OCI) कार्ड भी नहीं है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि दिलजीत दोसांझ सितंबर 2022 में ई-वीज़ा पर भारत आए थे। इसके अलावा उनके पिछले यात्रा दस्तावेजों और पासपोर्ट को लेकर भी विभिन्न दावे किए जा रहे हैं, हालांकि इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
राजनीति को लेकर क्या कहा ?
दिलजीत दोसांझ के राजनीति में आने की अटकलों के बीच एक संगठन ‘जागो पंजाब मंच’ द्वारा उन्हें राजनीति में शामिल होने का आग्रह किया गया था। हालांकि सिंगर ने स्पष्ट रूप से इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वे अपने काम से खुश हैं और उनका उद्देश्य केवल मनोरंजन करना है।
डांसर्स के शो छोड़ने का मामला
इसी बीच उनके एक शो से जुड़ा एक और मामला सामने आया है, जहां ‘मधुबन परफॉर्मिंग आर्ट्स’ नामक डांस ग्रुप ने शो छोड़ने की बात कही है। ग्रुप का आरोप है कि पेमेंट, कॉस्ट्यूम और कार्यस्थल से जुड़े कुछ मुद्दों के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कलाकारों के साथ व्यवहार और कार्य परिस्थितियों को लेकर बहस शुरू हो गई है।
फिलहाल इन सभी दावों पर दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





