July 29, 2026

रायपुर एयरपोर्ट में बड़ा हादसा, 30 फीट ऊंचाई से गिरकर इलेक्ट्रीशियन की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट परिसर में सीलिंग रिपेयरिंग के दौरान एक इलेक्ट्रीशियन 30 फीट की ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। मामला माना थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान दुर्ग जिले के जाम गांव निवासी कुबेर कुमार साहू (32) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुबेर एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में सीलिंग रिपेयरिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह करीब 30 फीट नीचे गिर गया।

घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ और मौजूद लोगों ने तत्काल उसे माना स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलेक्ट्रीशियन बिना सेफ्टी बेल्ट और सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहा था। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।

माना थाना सीएसपी लंबोधर पटेल ने बताया कि एयरपोर्ट टर्मिनल में मेंटेनेंस कार्य के दौरान कर्मचारी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।