July 23, 2026

शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा, 2.04 करोड़ की ठगी; पति-पत्नी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले शातिर पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और बैंक चेकबुक जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

मामले का खुलासा तब हुआ जब 24 मई को हेमदत्त केशरवानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दंपति ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर मोटा मुनाफा और रकम दोगुनी होने का झांसा देकर उसे और अन्य लोगों को निवेश के लिए तैयार किया।

आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ितों ने चेक और आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से कुल 2 करोड़ 4 लाख 97 हजार 502 रुपये उनके बैंक खातों में जमा करा दिए। शुरुआत में भरोसा बनाए रखने के लिए आरोपियों ने 39 लाख 99 हजार 400 रुपये वापस किए, लेकिन शेष राशि लौटाने से लगातार इंकार करते रहे और अंततः पूरी रकम का गबन कर फरार हो गए।

तकनीकी इनपुट से नया रायपुर में गिरफ्तारी

मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जब्त सामग्री

  • लैपटॉप
  • टैबलेट
  • मोबाइल फोन
  • बैंक चेकबुक