रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय के घेराव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यालय पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने भाजपा नेताओं को हद में रहने की चेतावनी देते हुए पुलिस अधिकारियों को भी भविष्य को लेकर आगाह किया।
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में कहा कि घेराव के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया, जिसमें राज्य सरकार के मंत्री भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं को दरकिनार कर शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय और पार्टी कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी की, जबकि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए। उन्होंने यह भी कहा कि कवरेज कर रहे कई पत्रकारों को भी चोटें आईं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने एफआईआर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही दर्ज की।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई पुलिस के संरक्षण में भाजपा सरकार द्वारा किया गया सुनियोजित हमला था। उन्होंने इसकी तुलना दिल्ली में छात्रों के साथ हुई घटनाओं से करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
अपने बयान के अंत में बघेल ने पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “भाजपा से तो हम निपट लेंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें, भाजपा कुछ ही महीनों की मेहमान है, फिर मिलेंगे।”
भूपेश बघेल के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।





